जमीन विवाद में पति बना हैवान: लोहे के सरिए से पत्नी की हत्या, तीन बेटों के सिर से उठा मां का साया
बांसवाड़ा के नबीपुरा इलाके में जमीन विवाद के चलते पति ने पत्नी पर लोहे के सरिए से हमला कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी पत्नी पर जमीन अपने नाम करवाने का दबाव बना रहा था।
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में घरेलू विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया। नबीपुरा इलाके में जमीन को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक पति ने अपनी पत्नी पर लोहे के सरिए से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, हालांकि बाद में पुलिस ने उसे डिटेन कर लिया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतका की पहचान 32 वर्षीय इतरी पत्नी सूरज मईड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला का पीहर सुरपुर ढाणी में है और उसकी शादी नबीपुरा निवासी सूरज पुत्र धनजी मईड़ा से हुई थी। दंपती के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।
जमीन अपने नाम कराने को लेकर था विवाद
कोतवाली थाने के एएसआई चंद्रवीर सिंह के अनुसार कुछ समय पहले सुरपुर ढाणी में एक जमीन खरीदी गई थी, जो महिला इतरी के नाम पर रजिस्टर्ड थी। आरोपी पति सूरज लगातार उस जमीन को अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। इसी मुद्दे को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़े होते थे।