REELS देख मां ने कील घोंपकर कर दी अपने ही दो मासूम बच्चों की हत्या...पति को कहा- 'मैंने बच्चों को मार दिया, अब खुद मर रही हूं..
राजस्थान के भीलवाड़ा में सोशल मीडिया रील्स के भ्रम और कैंसर के खौफ में एक मां ने अपने ही दो मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी और खुद भी सुसाइड का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
सोशल मीडिया रील्स ने पैदा किया मौत का वहम
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं और सोशल मीडिया के दुष्परिणामों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। मांडलगढ़ थाना क्षेत्र के मानपुरा गांव में एक मां ने अपने ही दो मासूम बच्चों की सिर्फ इसलिए बेरहमी से हत्या कर दी, क्योंकि उसे रील्स (Short Videos) देखकर यह वहम हो गया था कि उसे कैंसर है और वह मरने वाली है।
पुलिस की गिरफ्त में आई आरोपी महिला संजू देवी ने पूछताछ में जो खुलासा किया, उसने पुलिस अधिकारियों के भी होश उड़ा दिए। महिला ने बताया कि उसके मुंह में लंबे समय से छाले थे और उसे कुछ गायनिक (Gynecological) समस्याएं भी थीं। इसी बीच उसने सोशल मीडिया पर कुछ ऐसी रील्स देखीं, जिनमें दावा किया गया था कि 'लंबे समय तक मुंह में छाले रहना कैंसर का लक्षण हो सकता है।'
"महिला के मन में यह बात इस कदर बैठ गई कि उसे लगने लगा कि उसे कैंसर है और वह जल्द ही मर जाएगी। इसी मौत के डर और मानसिक तनाव ने उसे एक खौफनाक कातिल बना दिया।"