बहन पर करता था आपत्तिजनक टिप्पणियां, इसलिए मार डाला... अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में डकैत जगन गुर्जर की हत्या
राजस्थान की अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की उसी की सेल में गला घोंटकर हत्या कर दी गई।
राजस्थान की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में हुई एक सनसनीखेज हत्या ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की उसी की सेल में गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उसी सेल में बंद भरतपुर के कुलदीप जघीना हत्याकांड के आरोपी विष्णु पर है।
प्रारंभिक पूछताछ में विष्णु ने पुलिस को बताया कि जगन गुर्जर उसकी बहन पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करता था और अक्सर उसका मजाक उड़ाता था। इसी कारण उसने जगन की हत्या करने का फैसला किया था। उसने कहा कि वह काफी समय से सही मौके का इंतजार कर रहा था और शक से बचने के लिए सामान्य व्यवहार करता रहा।
हत्या से पहले साथ खाया खाना और खेली लूडो
जांच में सामने आया कि सोमवार सुबह दोनों कैदियों ने साथ बैठकर खाना खाया। इसके बाद दोनों ने मिलकर अपनी सेल की सफाई भी की। कुछ देर बाद जगन इलाज के लिए इंजेक्शन लगवाने गया और लौटने के बाद दोनों सेल के अंदर लूडो खेलने लगे।