2 लाख में बेच दी अपनी ही बेटी, पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में बचाई जान!
बिहार के अरवल से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। कलयुगी पिता ने अपनी नाबालिग बेटी का 2 लाख रुपए में राजस्थान के पोकरण में सौदा कर दिया। पुलिस ने चाचा की शिकायत पर 60 मिनट में बच्ची को रेस्क्यू कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने चंद रुपयों की खातिर अपनी ही नाबालिग बेटी की जिंदगी का सौदा कर दिया। बिहार के अरवल जिले की रहने वाली एक नाबालिग लड़की को राजस्थान के पोकरण में 2 लाख रुपए में बेचकर उसकी जबरन शादी करवा दी गई। हालांकि, बच्ची के चाचा की सूझबूझ और पोकरण पुलिस के त्वरित एक्शन के चलते महज 60 मिनट के भीतर नाबालिग को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है।
कलयुगी पिता ने सौतेली मां के साथ मिलकर रची साजिश
जानकारी के अनुसार, नाबालिग के पिता ने अपनी दूसरी पत्नी (नाबालिग की सौतेली मां) और कुछ अन्य परिचितों के साथ मिलकर इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया। इन लोगों ने मासूम बच्ची का सौदा पोकरण निवासी टीकमचंद (पुत्र चौथाराम माली) के साथ दो लाख रुपए में तय किया। पैसे मिलने के बाद टीकमचंद ने जबरन नाबालिग के साथ शादी रचा ली और उसे अपने साथ राजस्थान ले आया।