हनीट्रैप गिरोह का भंडाफोड़: बुजुर्ग से 12.90 लाख की ठगी, दो महिलाएं गिरफ्तार
हनीट्रैप मास्टरमाइंड रेणुका चौधरी और सहयोगी सुबिता ने बुजुर्ग रामकरण से 12.90 लाख रुपये ठगे। फेसबुक पर समाजसेवी बनकर फंसाया, गिरफ्तार।
सीकर जिले में एक हनीट्रैप मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड रेणुका चौधरी और उसकी सहयोगी सुबिता को गिरफ्तार किया है। दोनों ने मिलकर एक 64 वर्षीय बुजुर्ग रामकरण को अपने जाल में फंसाकर 12.90 लाख रुपये की ठगी की। रेणुका चौधरी, जो सोशल मीडिया पर खुद को समाजसेवी बताती थी, ने फेसबुक के जरिए बुजुर्ग को अपने जाल में फंसाया और फिर रेप केस में फंसाने की धमकी देकर उनसे भारी रकम ऐंठ ली।
फेसबुक पर सक्रिय थी मास्टरमाइंड रेणुका
रेणुका चौधरी (30), जो घस्सु का बास की रहने वाली है, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर काफी सक्रिय थी। उसके फेसबुक पेज पर हजारों फॉलोअर्स हैं, और वह खुद को समाजसेवी के रूप में पेश करती थी। उसके पेज पर सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने की तस्वीरें और कई नेताओं के स्वागत की पोस्ट्स मौजूद हैं। गिरफ्तारी से ठीक एक दिन पहले रेणुका ने अपने फेसबुक पेज पर लाइव प्रसारण किया था, जिसमें उसने दावा किया कि सीकर के मजीपुरा में एक फार्म हाउस पर बड़ा सेक्स रैकेट चल रहा है, जिसमें कई बड़े नेता शामिल हैं। इस लाइव वीडियो को 5 हजार से ज्यादा लोगों ने देखा था।
हनीट्रैप का शिकार बना रिटायर्ड कर्मचारी
धोद थानाधिकारी राकेश कुमार मीणा ने बताया कि 30 अगस्त को पीड़ित बुजुर्ग रामकरण (64) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। रामकरण ने बताया कि उनकी रेणुका चौधरी से फेसबुक के जरिए पहचान हुई थी। रेणुका ने कई बार उनसे वीडियो कॉल पर बात की और धीरे-धीरे विश्वास हासिल किया। इसके बाद रेणुका ने अपनी सहयोगी सुबिता (37), जो रामपुरा की रहने वाली है, की बेटी की इंस्टाग्राम आईडी से भी रामकरण को मैसेज करवाए।