जयपुर में नौकरी जाने के बाद नर्सिंगकर्मी की मौत, प्रदर्शन के बीच बिगड़े हालात
जयपुर में संविदा से हटाए गए 25 वर्षीय नर्सिंगकर्मी दीपक खारवाल की मौत के बाद एसएमएस अस्पताल में हंगामा हो गया।
राजधानी जयपुर में संविदा से हटाए गए एक नर्सिंगकर्मी की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतक की पहचान 25 वर्षीय दीपक खारवाल के रूप में हुई है, जो महिला चिकित्सालय सांगानेरी गेट में कार्यरत था। हाल ही में संविदा नर्सिंग कर्मचारियों को सेवा से हटाए जाने के विरोध में चल रहे प्रदर्शन के बीच यह घटना सामने आई।
जानकारी के अनुसार, दीपक खारवाल शुक्रवार सुबह अपने साथी कर्मचारियों के साथ एसएमएस मेडिकल कॉलेज परिसर में चल रहे विरोध प्रदर्शन में शामिल हुआ था। साथी कर्मचारियों के मुताबिक, सुबह करीब 11:30 बजे वह धरना स्थल से अपने कमरे के लिए निकल गया। बाद में जब उसके दोस्त उससे मिलने पहुंचे तो कमरे का दरवाजा नहीं खुला। दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर वह अचेत अवस्था में मिला।
साथियों ने तत्काल उसे एसएमएस अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों की पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।