केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपी चेतन चौधरी का जोधपुर से मिला कनेक्शन..
पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपी चेतन चौधरी का संबंध जोधपुर जिले के पालासनी गांव से सामने आने के बाद ग्रामीणों में हैरानी और सन्नाटा है। गांव के लोगों का कहना है कि चेतन सामान्य और शांत स्वभाव का युवक था। उसके परिवार की गांव में सामाजिक पहचान रही है, ऐसे में उसका नाम गंभीर मामले में आने से लोग स्तब्ध हैं। मामले की जांच जारी है।
जोधपुर/लूणी। पुणे में सामने आए चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपी के रूप में गिरफ्तार किए गए चेतन चौधरी का संबंध जोधपुर जिले के लूणी क्षेत्र के पालासनी गांव से होने की जानकारी सामने आने के बाद गांव में हैरानी और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस युवक को वे सामान्य और शांत स्वभाव का जानते थे, उसका नाम इतने गंभीर मामले में आने की बात उनके लिए विश्वास करना मुश्किल है।
पुणे में बीता बचपन, गांव से बना रहा जुड़ाव
ग्रामीणों के मुताबिक चेतन चौधरी का परिवार मूल रूप से पालासनी गांव से जुड़ा हुआ है, लेकिन उसका अधिकांश जीवन पुणे में ही बीता। उसके पिता बाबूलाल चौधरी लंबे समय से पुणे में कारोबार करते हैं। परिवार का गांव आना-जाना सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के दौरान बना रहा।