बालोतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पिता-बेटे से 2.20 करोड़ की एमडी बरामद, ऑपरेशन विषभंजन में गिरफ्तार
बालोतरा पुलिस ने ऑपरेशन विषभंजन के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए धोरीमन्ना क्षेत्र से पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर 2.20 किलो एमडी, जिसकी कीमत करीब 2.20 करोड़ रुपये है, और 1.25 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
राजस्थान के बालोतरा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। ऑपरेशन विषभंजन के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने धोरीमन्ना क्षेत्र से करीब 2 किलो 200 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) बरामद की है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत 2.20 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने पिता और बेटे को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित 1.25 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
ऑपरेशन विषभंजन के तहत हुई कार्रवाई
जिला पुलिस अधीक्षक रमेश ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान ऑपरेशन विषभंजन चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूल सिंह और डीएसपी सुखराम विश्नोई के सुपरविजन में जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) तथा धोरीमन्ना थाना पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया।
गोपनीय सूचना के आधार पर बनी रणनीति
पुलिस को धोरीमन्ना क्षेत्र में लंबे समय से ड्रग्स तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद टीम ने गोपनीय तरीके से सूचना जुटाई और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी। पारंपरिक पुलिसिंग के साथ तकनीकी संसाधनों का भी उपयोग किया गया, जिससे आरोपियों की गतिविधियों की पुष्टि हुई।