प्राइवेट स्कूल की शिक्षिका पर नाबालिग छात्रों के साथ अश्लील वीडियो कॉल का आरोप
एक 35 वर्षीय प्राइवेट स्कूल शिक्षिका ने नाबालिग छात्र को अश्लील वीडियो कॉल किया, जिसके बाद POCSO एक्ट के तहत FIR दर्ज हुई। पुलिस अन्य छात्रों के साथ भी ऐसी हरकतों की जांच कर रही है।
नवी मुंबई के कोपरखैरने इलाके में एक निजी स्कूल की 35 वर्षीय महिला शिक्षिका के खिलाफ सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिक्षिका पर आरोप है कि उसने एक नाबालिग छात्र को इंस्टाग्राम पर 12 घंटे से अधिक समय तक वीडियो कॉल कर अश्लील हरकतें कीं और उसे यौन संबंधों के लिए उकसाया। इस दौरान वह अर्धनग्न अवस्था में थी, जिसकी स्क्रीन रिकॉर्डिंग 10वीं कक्षा के छात्र ने कर ली। मामले का खुलासा तब हुआ जब छात्र के पिता ने यह वीडियो देखा और तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम की धाराओं के तहत शिक्षिका के खिलाफ FIR दर्ज की है।
रात भर चली कॉल, कई छात्रों को निशाना बनाने का संदेह
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी शिक्षिका लंबे समय से इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए नाबालिग छात्रों से संपर्क कर रही थी। जांच में पता चला है कि वह न केवल इस छात्र, बल्कि अन्य कई छात्रों के साथ भी रात भर "एंजॉय" के नाम पर अश्लील वीडियो कॉल करती थी। इन कॉल्स में वह अशोभनीय कपड़ों में नजर आती थी और आपत्तिजनक व्यवहार करती थी, जो एक शिक्षक-छात्र के रिश्ते की मर्यादा को पूरी तरह तार-तार करता है।
छात्र के पिता ने अपनी शिकायत में बताया कि शिक्षिका की इन हरकतों का उनके बेटे की मानसिक स्थिति पर गहरा नकारात्मक प्रभाव पड़ा। बच्चे ने डर और मानसिक तनाव के कारण अपने माता-पिता को सारी बात बताई, जिसके बाद परिवार ने कोपरखैरने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शिक्षिका को हिरासत में लिया और 28 जुलाई 2025 को POCSO एक्ट की धारा 11 और 12 के तहत मामला दर्ज किया।