बेटियों से दरिदंगी पर सख्त एक्शन: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर 3 होटलों पर चला बुलडोजर, अपराधियों को सख्त संदेश
श्रीगंगानगर में 13 वर्षीय नाबालिग से गैंगरेप मामले में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराध से जुड़े तीन होटलों को ध्वस्त कर दिया।
राजस्थान के श्रीगंगानगर में 13 वर्षीय नाबालिग से हुए गैंगरेप मामले में राज्य सरकार ने अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के स्पष्ट निर्देशों के बाद जिला प्रशासन और पुलिस ने बुधवार सुबह संयुक्त अभियान चलाकर अपराध से जुड़े तीन होटलों पर बुलडोजर कार्रवाई की। इस दौरान होटल खुंगर, जॉय इन और होटल सफायर को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस जघन्य घटना के सामने आने के बाद ही अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि दोषियों के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाए। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अपराधियों के साथ-साथ उन्हें संरक्षण देने वाले तंत्र पर भी कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
प्रशासन के अनुसार जिन होटलों पर कार्रवाई की गई, उनका संबंध मामले की जांच में सामने आया था। इसके बाद संबंधित विभागों ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस और प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई को राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा माना जा रहा है।