जयपुर में बेटे की संदिग्ध मौत: पिता ने CCTV फुटेज खंगालकर जुटाए सबूत, बहू और उसके साथियों पर जहर देकर हत्या का आरोप
जयपुर के विश्वकर्मा इलाके में 27 वर्षीय महेश मीणा की संदिग्ध मौत के मामले में पिता ने बहू कविता मीणा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता द्वारा जुटाए गए CCTV फुटेज में बहू की बताई कहानी झूठी साबित होने के बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। आरोप है कि कविता ने तीन परिचितों के साथ मिलकर पति को जहर देकर मार डाला।
राजधानी जयपुर के विश्वकर्मा थाना क्षेत्र में 27 वर्षीय महेश मीणा की संदिग्ध मौत के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। बेटे की मौत को सामान्य मानने से इनकार करते हुए पिता ने खुद घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और पुलिस के सामने सबूत पेश किए। CCTV फुटेज से खुली पोल के बाद पुलिस ने मर्ग जांच को हत्या के मुकदमे में तब्दील कर पत्नी और उसके तीन साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दवाई दिलाने निकला था, सड़क किनारे मिला बेसुध
महेश विश्वकर्मा इलाके में लोहे की चद्दर बनाने वाली फैक्ट्री में काम करता था। करीब डेढ़ साल पहले उसकी शादी शिवदासपुरा निवासी कविता मीणा से हुई थी। 5 अगस्त को महेश अपनी पत्नी कविता को दवाई दिलाने बाइक से निकला था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। इसके बाद कविता ने महेश के छोटे भाई मनीष को फोन कर बताया कि महेश की तबीयत अचानक खराब हो गई है और वह विश्वकर्मा की 14 नंबर पुलिया के पास है। परिजन मौके पर पहुंचे तो महेश सड़क किनारे अचेत पड़ा मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।