‘मुझको राणाजी माफ करना...’ 21 ऊंटों से भरा ट्रक पकड़ा, फिर तस्करों को साड़ी पहनाकर कराया डांस
डीडवाना जिले के परबतसर में गौरक्षा दल और पुलिस ने 21 ऊंटों से भरे ट्रक को पकड़ा। कार्रवाई के बाद कथित तस्करों को साड़ी पहनाकर सड़क पर डांस करवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
राजस्थान के डीडवाना जिले के परबतसर थाना क्षेत्र से ऊंट तस्करी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां गौरक्षा दल और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक ट्रक से 21 ऊंटों को मुक्त कराया गया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित ऊंट तस्करों को साड़ी पहनाकर सड़क पर डांस करवाया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है। वायरल वीडियो में कथित तस्कर हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए दिखाई दे रहे हैं।
मुखबिर की सूचना पर हाईवे पर रोका गया ट्रक
जानकारी के अनुसार यह घटना 3 मई की देर रात की बताई जा रही है। गौरक्षा दल किशनगढ़ को सूचना मिली थी कि एक ट्रक में बड़ी संख्या में ऊंटों को भरकर परबतसर के रास्ते मेवात (हरियाणा) ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद गौरक्षकों ने हाईवे पर निगरानी शुरू की और संदिग्ध ट्रक को रुकवाया। ट्रक की तलाशी लेने पर अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए।
