AC कोच की लग्जरी और 15 किलो गांजा! 26 साल की लड़की का 'नशे' वाला सीक्रेट प्लान ऐसे हुआ फेल
बिहार के गया जंक्शन पर आरपीएफ ने 'ऑपरेशन नार्कोस' के तहत एक 26 वर्षीय लड़की को 15.822 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। यह खेप ओडिशा से दिल्ली ले जाई जा रही थी।
बिहार में मादक पदार्थों और शराब की तस्करी के लिए माफिया अब हाई-प्रोफाइल तरीके अपना रहे हैं। समस्तीपुर में फर्स्ट क्लास एसी में शराब ले जाती युवती के पकड़े जाने के बाद, अब गया जंक्शन से एक और बड़ा मामला सामने आया है। यहां रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ओडिशा से दिल्ली ले जाई जा रही करीब 15.8 किलोग्राम गांजे की खेप के साथ एक लड़की को गिरफ्तार किया है।
'ऑपरेशन नार्कोस' के तहत RPF की बड़ी कार्रवाई
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन नार्कोस' के तहत सोमवार तड़के करीब 4 बजे आरपीएफ को यह बड़ी सफलता मिली। आरपीएफ थाना अध्यक्ष बनारसी यादव के मुताबिक, उन्हें एक खास मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर आरपीएफ और अपराध आसूचना शाखा की टीम ने संयुक्त रूप से जाल बिछाया। जैसे ही तेजस राजधानी एक्सप्रेस गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म पर पहुंची, टीम ने तुरंत कोच संख्या A-3 की घेराबंदी कर ली।