आईआईटी ग्रेजुएट छात्रा से रेप और मर्डर: अलवर का आरोपी गिरफ्तार, पहले भी कर चुका था सुसाइड का प्रयास
दक्षिण दिल्ली में आईआईटी ग्रेजुएट 22 वर्षीय छात्रा के साथ रेप और हत्या के मामले में पुलिस ने अलवर के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने घर में घुसकर पहले छात्रा पर हमला किया, फिर उसकी हत्या कर दुष्कर्म किया। वारदात के बाद उसने लॉकर तोड़कर नकदी और गहने लूटे। जांच में सामने आया कि आरोपी जुए का आदी था और पहले भी सुसाइड का प्रयास कर चुका है। पुलिस अब सीन रिक्रिएट कर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
दक्षिण दिल्ली में एक आईआईटी ग्रेजुएट 22 वर्षीय छात्रा के साथ रेप और हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक ने बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी 22 अप्रैल की सुबह करीब 6:49 बजे अतिरिक्त चाबी के जरिए घर में दाखिल हुआ। वह सीधे छत पर बने स्टडी रूम में पहुंचा, जहां छात्रा पढ़ाई कर रही थी। आरोपी ने पहले उस पर भारी वस्तु से हमला कर उसे बेहोश किया और फिर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपराध को और गंभीर बनाते हुए पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी छात्रा को नीचे ले गया ताकि उसके फिंगरप्रिंट से घर का लॉकर खोल सके। जब यह कोशिश नाकाम रही, तो उसने स्क्रूड्राइवर की मदद से लॉकर तोड़कर नकदी और गहने चुरा लिए। घटना के दौरान उसके कपड़ों पर खून लग गया था, इसलिए वह पीड़िता के भाई के कपड़े पहनकर मौके से फरार हो गया।