जयपुर में ACB की बड़ी कार्रवाई: भू-अभिलेख निरीक्षक अनिल कुमार 3.80 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
जयपुर में एसीबी ने भू-अभिलेख निरीक्षक अनिल कुमार को 3.80 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी ने शिकायतकर्ता की पुश्तैनी जमीन के तकासमा कार्य के एवज में कुल 5 लाख रुपये मांगे थे, जिसमें 3 लाख रुपये एसडीओ जयपुर-प्रथम के नाम पर बताए गए। ट्रैप ऑपरेशन में 3.80 लाख रुपये बरामद हुए, आरोपी से पूछताछ और छापेमारी जारी।
जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक और भ्रष्ट अधिकारी को रंगे हाथों दबोच लिया है। शुक्रवार दोपहर जयपुर पश्चिम वृत्त के भू-अभिलेख निरीक्षक (लैंड रिकॉर्ड इंस्पेक्टर) अनिल कुमार को 3 लाख 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने शिकायतकर्ता की पुश्तैनी जमीन के तकासमा (भूमि बंटवारा या सीमांकन) कार्य को पूरा करने के बदले कुल 5 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
एसीबी के डीजी गोविंद गुप्ता ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी अनिल कुमार जयपुर पश्चिम वृत्त में पदस्थ थे। शिकायतकर्ता ने एसीबी को शिकायत दी थी कि उनकी पैतृक जमीन का तकासमा करवाना था, लेकिन निरीक्षक अनिल कुमार ने काम करने के एवज में लगातार रिश्वत देने का दबाव बनाया। उन्होंने स्पष्ट रूप से 5 लाख रुपये की डिमांड की।
एसीबी ने शिकायत की सत्यापन (वेरिफिकेशन) प्रक्रिया शुरू की। सत्यापन के दौरान शिकायतकर्ता को 20 हजार रुपये देकर आरोपी के पास भेजा गया। आरोपी ने 20 हजार रुपये लेने के बाद सौदा तय किया कि कुल 4 लाख रुपये में काम करवा दिया जाएगा। इसमें से 1 लाख रुपये खुद के लिए और 3 लाख रुपये उपखण्ड अधिकारी (एसडीओ) जयपुर-प्रथम के नाम पर मांगने की बात कही गई।