जयपुर में तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार युवक को मारी जोरदार टक्कर, 5 किलोमीटर बाद फटा टायर...
जयपुर में ओवरस्पीड थार ने बाइक सवार युवक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह कई फीट दूर जा गिरा। हादसे के बाद ड्राइवर फरार हो गया, लेकिन करीब 5 किलोमीटर बाद थार का टायर फटने से मामला नया मोड़ ले गया।
राजधानी जयपुर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। खोह नागोरियान थाना इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां ओवरस्पीड थार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि युवक करीब 10 फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना का पूरा दृश्य आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
परी सर्किल पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे खोह नागोरियान इलाके के परी सर्किल पर हुआ। बाइक सवार युवक अपनी दिशा में जा रहा था, तभी तेज रफ्तार थार अचानक आई और उसने बाइक को टक्कर मार दी। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि टक्कर बेहद जोरदार थी। बाइक सवार युवक हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरा, जबकि उसकी बाइक भी दूर जाकर गिरी।
घायल युवक की पहचान
घायल युवक की पहचान भरतपुर जिले के अटारी गांव निवासी 27 वर्षीय अशरफ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बाइक से RTO की तरफ से JNU हॉस्पिटल की ओर जा रहा था। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।