वडोदरा में दर्दनाक हादसा खड़े ट्रक में घुसी स्लीपर बस, राजस्थान के 7 यात्रियों की मौत..
गुजरात के वडोदरा में कोटंबी स्टेडियम के पास एक स्लीपर बस खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में 9 साल के बच्चे समेत 7 यात्रियों की मौत हो गई और 27 लोग घायल हुए। मृतक राजस्थान के डूंगरपुर और बांसवाड़ा के रहने वाले बताए गए हैं। रेस्क्यू टीमों ने बस में फंसे यात्रियों को कटर की मदद से बाहर निकाला।
वडोदरा (गुजरात)। गुजरात के वडोदरा शहर में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 यात्री घायल हो गए। हादसा कोटंबी स्टेडियम के पास हुआ, जहां एक स्लीपर बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे की तरफ से जा टकराई।
जानकारी के अनुसार, बस यात्रियों को लेकर जा रही थी। सुबह के समय अचानक बस चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और तेज रफ्तार बस खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री अंदर फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव टीमों ने तुरंत पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद ली गई। कई शव और घायल यात्री काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाले गए।