दिल्ली-मुंबई सुपर एक्सप्रेसवे पर हादसा, 8 महिलाएं समेत 18 यात्री अस्पताल में भर्ती
अलवर जिले के बडोदामेव क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई सुपर एक्सप्रेसवे पर ट्रक और ट्रैवलर की टक्कर में 18 यात्री घायल हो गए।
दिल्ली-मुंबई सुपर एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अलवर जिले के बडोदामेव क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रैवलर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में ट्रैवलर में सवार 18 यात्री घायल हो गए, जिनमें 8 महिलाएं और 10 पुरुष शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। ट्रैवलर में सवार सभी यात्री हरिद्वार से दर्शन कर जयपुर लौट रहे थे। इसी दौरान दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बडोदामेव के पास आगे चल रहे ट्रक का अचानक टायर फट गया। टायर फटने के बाद ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और ट्रक सड़क पर लहराने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार पीछे से आ रही ट्रैवलर काफी तेज गति में थी। ट्रक के अचानक असंतुलित होने के कारण ट्रैवलर चालक को संभलने का पर्याप्त मौका नहीं मिला और वाहन सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराया।