डोडा पोस्त तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 331 किलो मादक पदार्थ जब्त
पुलिस ने तस्करी के खिलाफ अभियान में 331 किलो डोडा पोस्त बरामद किया, जिसकी कीमत 50 लाख है। एक फरार आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी।
जोधपुर की लूणी और विवेक विहार थाना पुलिस ने नशा मुक्त शहर अभियान के तहत डोडा पोस्त तस्करी के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की। इस दौरान चार अलग-अलग कार्रवाइयों में 331 किलो डोडा पोस्त बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए है। डीसीपी वेस्ट राजर्षि राज ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गई थीं।
पहली कार्रवाई: रोहिचा कला में स्विफ्ट कार से 45 किलो डोडा पोस्त बरामद
लूणी थाना पुलिस ने रोहिचा कला गांव में एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया। चालक ने पुलिस के इशारे को नजरअंदाज कर कार को खेत की बाड़ में घुसा दिया और अपने साथियों के साथ फरार हो गया। कार की तलाशी में 45 किलो 300 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।
दूसरी कार्रवाई: पीसावास में लोडिंग टैंपो से 58 किलो डोडा जब्त
लूणी थाना क्षेत्र के पीसावास के पास एक संदिग्ध लोडिंग टैंपो खड़ा मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर टैंपो की तलाशी ली, जिसमें 58 किलो 790 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया।