चाइल्ड स्कूल में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ गार्ड का शव... सिर पर भारी वस्तु से हमला; पुलिस जांच में जुटी
राजस्थान के नीमराना स्थित होली चाइल्ड स्कूल में तैनात सुरक्षा गार्ड सुभाष नाई की हत्या का मामला सामने आया है। गार्ड का शव स्कूल गेट के बाहर मिला, जिसके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने के निशान मिले हैं। पुलिस को स्कूल के माली से विवाद की आशंका है और मामले की जांच जारी है।
राजस्थान के अलवर जिले के नीमराना स्थित जापानी औद्योगिक क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब होली चाइल्ड स्कूल में कार्यरत एक सुरक्षा गार्ड का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान भूंगड़ा अहीर निवासी 50 वर्षीय सुभाष नाई के रूप में हुई है, जो पिछले दो से तीन वर्षों से स्कूल में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार घटना का खुलासा मंगलवार सुबह उस समय हुआ जब दूसरा गार्ड अपनी ड्यूटी पर पहुंचा। स्कूल के मुख्य गेट के बाहर सुभाष नाई का शव पड़ा मिला। शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया यह प्रतीत हुआ कि उनके सिर पर किसी लोहे की रॉड या भारी वस्तु से हमला किया गया था, जिसके कारण उनकी मौत हुई।
सुबह मिली सूचना, मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही नीमराना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएसपी चारुल गुप्ता ने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि होली चाइल्ड स्कूल के बाहर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव की पहचान सुभाष नाई के रूप में की गई।