‘पानी मांगोगे तो FIR मिलेगी?’ गहलोत का BJP सरकार पर हमला, मंत्री के गांव में दर्ज केस को बताया तानाशाही
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर के धुंधाड़ा गांव में पानी की समस्या उठाने वाले ग्रामीणों पर FIR दर्ज होने के मामले को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
राजस्थान की राजनीति में एक बार फिर पानी का मुद्दा गरमा गया है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर जिले के धुंधाड़ा गांव में पानी की समस्या को लेकर आवाज उठाने वाले ग्रामीणों पर दर्ज FIR के मामले में भाजपा सरकार और उसके मंत्रियों को आड़े हाथों लिया है। गहलोत ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए सरकार पर जनता की समस्याओं से मुंह मोड़ने का आरोप लगाया।
‘पानी मांगोगे तो जेल जाओगे’ – गहलोत
अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि राजस्थान में भाजपा सरकार का नया ‘डबल इंजन सर्कस’ चल रहा है, जहां पानी जैसी मूलभूत जरूरत की मांग करने पर लोगों को मुकदमों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जोधपुर के धुंधाड़ा गांव के ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री और गांव के निवासी जोगाराम पटेल के सामने पेयजल संकट का मुद्दा उठाया था और समाधान की मांग की थी। लेकिन समस्या का समाधान करने के बजाय जलदाय विभाग (PHED) की ओर से ग्रामीणों के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज करा दिया गया।