Ashok Gehlot on Ram Mandir: गहलोत ने राम मंदिर ट्रस्ट भंग करने की उठाई मांग, बोले- सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो जांच
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राम मंदिर चढ़ावा मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराने और मौजूदा राम मंदिर ट्रस्ट को भंग कर नया ट्रस्ट बनाने की मांग की है।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा प्रकरण को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इस मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराने की मांग करते हुए मौजूदा राम मंदिर ट्रस्ट को भंग कर नया ट्रस्ट गठित करने का सुझाव दिया है। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को नए ट्रस्ट का अध्यक्ष बनाने की बात भी कही।
दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान गहलोत ने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होना बेहद जरूरी है क्योंकि यह करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा विषय है।
'योगी खुद बनें नए ट्रस्ट के अध्यक्ष'
अशोक गहलोत ने कहा कि मौजूदा ट्रस्ट की जगह नया ट्रस्ट बनाया जाए और उसकी अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करें। उन्होंने सुझाव दिया कि नए ट्रस्ट में केवल एक विचारधारा के लोगों को नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों और विचारधाराओं के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाए।