बांसवाड़ा में भाजपा नेता अर्जुन सिंह मईड़ा का सुसाइड, मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में भाजपा जिला मंत्री अर्जुन सिंह मईड़ा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव घर के पास आम के पेड़ पर लटका मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले से भाजपा से जुड़े एक नेता की आत्महत्या की खबर सामने आई है। जिले के छोटी सरवन क्षेत्र में भाजपा जिला मंत्री अर्जुन सिंह मईड़ा ने शनिवार रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और राजनीतिक व सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार छोटी सरवन क्षेत्र की ग्राम पंचायत छायन बड़ी के जुनाखेड़ा निवासी अर्जुन सिंह मईड़ा (47) का शव रविवार सुबह घर के पास एक आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। परिजनों और ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद दानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
दानपुर थाना के एएसआई रमेश चंद ने बताया कि अर्जुन सिंह मईड़ा ने शनिवार रात को यह कदम उठाया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।