चाय बनाते समय गैस सिलेंडर में लगी आग, महिला की सूझबूझ से बची परिवार की जान
बालोतरा जिले के सिवाना थाना क्षेत्र के धीरा गांव में गैस सिलेंडर में रिसाव के बाद आग लगने से बड़ा हादसा हो गया।
बालोतरा जिले के सिवाना थाना क्षेत्र के धीरा गांव में रविवार सुबह गैस सिलेंडर में रिसाव के बाद लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। हालांकि घर में मौजूद महिला की सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। महिला ने समय रहते अपने बच्चों और अन्य परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिसके कुछ ही देर बाद सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया।
जानकारी के अनुसार धीरा गांव निवासी पोलाराम पुत्र सकाराम अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में रहता है। रविवार सुबह करीब 6 बजे उसकी पत्नी सतादेवी रसोई में चाय बनाने के लिए गई थी। गैस चालू करते ही सिलेंडर में रिसाव शुरू हो गया और कुछ ही सेकंड में टंकी के ऊपरी हिस्से में आग लग गई।
महिला ने दिखाई बहादुरी
अचानक आग भड़कने से घर में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सतादेवी ने घबराने के बजाय साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने घर में सो रहे बच्चों और अन्य परिजनों को तुरंत बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।