नवरात्रि में CM भजनलाल शर्मा का कठिन व्रत: आठ माह से अन्न त्याग कर कर रहे जनसेवा, 42 से अधिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा नवरात्रि में कठिन व्रत और साधना के साथ आत्म-अनुशासन और सेवा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। आठ माह से अन्न त्यागकर, नींबू और नारियल पानी पर निर्भर, वे 42 से अधिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।
शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर, जब पूरा देश मां दुर्गा की भक्ति में डूबा है, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस समय को आध्यात्मिक साधना, आत्म-अनुशासन और सेवा के एक अनोखे मिश्रण के रूप में अपनाया है। उनकी साधना न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह आत्मबल, संयम और समर्पण का भी एक जीवंत उदाहरण है।
आठ माह से अन्न का त्याग, नींबू और नारियल पानी पर दिनचर्या
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पिछले आठ महीनों से अन्न का पूर्ण रूप से त्याग कर रखा है। नवरात्रि के नौ दिनों में उनकी दिनचर्या और भी कठिन हो जाती है, जब वे केवल नींबू पानी और नारियल पानी के सहारे दिन गुजारते हैं। यह उनकी शारीरिक और मानसिक दृढ़ता का परिचय देता है। वे कहते हैं, “यह उपवास केवल एक धार्मिक रस्म नहीं, बल्कि मां दुर्गा की कृपा से मिलने वाली आध्यात्मिक शक्ति और आत्म-अनुशासन की साधना है।”