जगन गुर्जर हत्याकांड पर हाईकोर्ट सख्त: अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर मांगी विस्तृत रिपोर्ट
अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में डकैत जगन गुर्जर की हत्या के मामले में राजस्थान हाईकोर्ट ने सरकार और जेल प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में डकैत जगन गुर्जर की हत्या के मामले में राजस्थान हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एसपी शर्मा और जस्टिस मनीष शर्मा की खंडपीठ ने सरकार और जेल प्रशासन से पूरे घटनाक्रम पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। अदालत ने पूछा है कि घटना के समय जेल के सीसीटीवी कैमरों में क्या रिकॉर्ड हुआ, क्या नहीं हुआ और सुरक्षा में चूक के लिए अब तक किन अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई।
यह आदेश जेल व्यवस्थाओं में सुधार से जुड़े स्वप्रेरित प्रसंज्ञान (सुओ मोटू) मामले की सुनवाई के दौरान दिया गया। कोर्ट ने प्रदेश की जेलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि हाई सिक्योरिटी जेल में भी सीसीटीवी रिकॉर्डिंग नहीं होना और लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था का अभाव बेहद चिंताजनक है।
कोर्ट की कड़ी टिप्पणी
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कहा कि प्रदेश की जेलों में लगातार गंभीर घटनाएं सामने आ रही हैं। जेलों में मोबाइल फोन पहुंच रहे हैं, अपराधी गिरोह जेल से संचालित हो रहे हैं और यहां तक कि प्रदेश के मुख्यमंत्री को भी जेल से धमकी मिल चुकी है। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।