सिरसी रोड पर सीएनजी सिलेंडरों से भरा ट्रेलर पलटा, 10 से ज्यादा सिलेंडरों से गैस रिसाव
जयपुर के बिंदायका क्षेत्र में सीएनजी सिलेंडरों से भरा ट्रेलर पलट गया, जिससे 10 से ज्यादा सिलेंडरों से गैस रिसाव शुरू हो गया। फायर ब्रिगेड और गैस कंपनी की टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
जयपुर के बिंदायका थाना क्षेत्र के सिरसी रोड स्थित निमेड़ा गांव में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 5 बजे टोरेंट सीएनजी गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पोल से टकरा गया और पलट गया। हादसे के बाद ट्रेलर में लदे गैस सिलेंडरों से रिसाव शुरू हो गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर तेज रफ्तार में था। सुबह के समय चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगे बिजली पोल से टकराकर पलट गया। हादसे में चालक घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
10 से ज्यादा सिलेंडरों से गैस रिसाव
पुलिस के अनुसार ट्रेलर में रखे 10 से अधिक सीएनजी सिलेंडरों से गैस का रिसाव शुरू हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई आग नहीं लगी, जिससे बड़ा विस्फोट टल गया।