जयपुर सचिवालय की सुरक्षा पर सवाल, टूटी बैरिकेडिंग बनी ‘ब्लैक स्पॉट’
जयपुर सचिवालय परिसर में टूटी हुई लोहे की बैरिकेडिंग और जालियों के कारण सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। छोटे-छोटे सुराख अब संभावित घुसपैठ और सुरक्षा खतरे का कारण बनते नजर आ रहे हैं।
जयपुर स्थित सचिवालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मंत्रालयिक भवन और लाइब्रेरी भवन के पीछे की ओर लगी लोहे की बैरिकेडिंग जगह-जगह से टूट चुकी है, जिससे कई ‘ब्लैक स्पॉट’ बन गए हैं। यह स्थिति सुरक्षा के लिहाज से गंभीर जोखिम पैदा कर रही है।
टूटी बैरिकेडिंग से बढ़ी चिंता
सचिवालय के पीछे बने बाग और मुख्य सड़क की ओर जाने वाले हिस्से में लगी लोहे की रेलिंग कई जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। दो सरियों के बीच अंतर बढ़ जाने से वहां से आसानी से अंदर-बाहर गतिविधि संभव हो गई है।
पहले भी इन कमजोर हिस्सों को छिपाने के लिए जालियां लगाई गई थीं, लेकिन वे भी सुरक्षा की दृष्टि से प्रभावी साबित नहीं हो सकीं। आरोप है कि इन जालियों के जरिए कोई भी व्यक्ति आसानी से अंदर प्रवेश कर सकता है या संदिग्ध वस्तुओं को अंदर पहुंचा सकता है।