जोधपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों का खास अंदाज में स्वागत, ‘यात्री सुविधा दिवस’ पर दिखी राजस्थानी संस्कृति की झलक..
जोधपुर एयरपोर्ट पर ‘यात्री सुविधा दिवस’ के अवसर पर फ्लाइट यात्रियों का राजस्थानी परंपरा के अनुसार स्वागत किया गया। यात्रियों को तिलक लगाकर सम्मानित किया गया और लोक कलाकारों ने राजस्थानी नृत्य व लोक संगीत की प्रस्तुति देकर राजस्थान की संस्कृति की झलक दिखाई।
जोधपुर: एयरपोर्ट पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और यादगार अनुभव देने के उद्देश्य से ‘यात्री सुविधा दिवस’ मनाया गया। इस दौरान एयरपोर्ट पर आने वाले फ्लाइट यात्रियों का पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में स्वागत किया गया। यात्रियों के माथे पर तिलक लगाकर और राजस्थानी संस्कृति से जुड़े लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ उनका अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एयरपोर्ट परिसर में राजस्थानी लोक नृत्य की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में लोक नृत्य प्रस्तुत कर यात्रियों को राजस्थान की संस्कृति से रूबरू कराया। वहीं प्रसिद्ध राजस्थानी गीत ‘केसरिया बालम आओ नी पधारो म्हारे देश’ की धुनों ने माहौल को और भी खास बना दिया।
एयरपोर्ट पर पहुंचे यात्रियों ने इस स्वागत को लेकर खुशी जताई। कई यात्रियों ने कहा कि इस तरह की सांस्कृतिक पहल से यात्रा का अनुभव और बेहतर हो जाता है और राजस्थान की मेहमाननवाजी की पहचान भी दिखाई देती है।