केरू क्षेत्र में आस्था पर चोट: चामुंडा गांव के सती माता मंदिर में चोरी, चांदी के छत्र और नकदी लेकर फरार चोर
जोधपुर के केरू चौकी क्षेत्र के चामुंडा गांव स्थित सती माता मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई है। चोर चांदी के चार छत्र, देसी घी और दान पेटी की नकदी लेकर फरार हो गए।
जोधपुर के केरू चौकी क्षेत्र अंतर्गत चामुंडा गांव में स्थित पहाड़ी पर बने सती माता मंदिर में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर से चांदी के चार छत्र, करीब 2 किलोग्राम देसी घी और दान पेटी में रखी नकदी लेकर फरार हो गए।
ग्रामीण राजू सिंह के अनुसार, दान पेटी में पिछले पांच दिनों की श्रद्धालुओं द्वारा दी गई राशि जमा थी। सुबह जब स्थानीय लोग पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्होंने मंदिर का सामान बिखरा हुआ पाया। इसके बाद चोरी की घटना का पता चला।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। चोरी की इस वारदात से गांव में आक्रोश फैल गया है और लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।