झंडारोहण के दौरान डोरी टूटने से नीचे गिरा राष्ट्रीय ध्वज, पुलिस जवान की मुस्तैदी से पूरी हुई प्रक्रिया !!
करौली में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण के दौरान चूक। कलेक्टर अक्षय गोदारा के डोरी खींचते ही तिरंगा नीचे गिरा। पुलिसकर्मी ने पोल पर चढ़कर डोरी ठीक की, जिसके बाद दोबारा फहराया गया तिरंगा।
राजस्थान के करौली जिले में 80वें स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय मुख्य समारोह के दौरान एक अप्रत्याशित घटना सामने आई। ध्वजारोहण के दौरान तकनीकी खराबी के चलते राष्ट्रीय ध्वज पोल से अलग होकर डोरी सहित नीचे गिर गया। इस घटना के बाद समारोह स्थल पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और दर्शकों के बीच कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी की तत्परता से व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त कर दोबारा ध्वजारोहण कराया गया।
डोरी खींचते ही पोल से टूटकर नीचे गिरा तिरंगा
घटनाक्रम के अनुसार, जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा मंच पर ध्वजारोहण करने पहुंचे। जैसे ही उन्होंने तिरंगा फहराने के लिए डोरी खींची, तिरंगे में बंधी गांठ नहीं खुली।
डोरी पर दबाव पड़ने के कारण तिरंगा पोल से अलग होकर डोरी समेत सीधे नीचे आ गिरा। राष्ट्रीय ध्वज के नीचे गिरते ही मंच पर मौजूद अधिकारियों के होश उड़ गए और पूरे मैदान में सन्नाटा पसर गया।