ओरण बचाओ पदयात्रा पहुंची जोधपुर शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी बोले— लोकतंत्र में एकजुट आवाज से होगा समाधान...
शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने जोधपुर पहुंची ‘ओरण बचाओ पदयात्रा’ में शामिल होकर ओरण और गोचर भूमि संरक्षण के लिए लोगों से लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई मारवाड़ की विरासत और पर्यावरण बचाने की है तथा विधानसभा में इस मुद्दे को मजबूती से उठाया जाएगा। तनोट माता मंदिर से शुरू हुई 725 किमी लंबी पदयात्रा जयपुर की ओर आगे बढ़ रही है।
जोधपुर (राजस्थान )23 फ़रवरी 2026 :- बाड़मेर जिले के शिव विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने ओरण भूमि संरक्षण को लेकर निकाली जा रही ‘ओरण बचाओ पदयात्रा’ में जोधपुर पहुंचकर समर्थन दिया और लोगों से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब संघर्ष का तरीका बदल चुका है और लोकतंत्र में एकजुट होकर अपनी संख्या और समर्थन दिखाना ही सबसे बड़ा हथियार है।
जोधपुर के हनुमंत हॉस्टल में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विधायक भाटी ने कहा कि ओरण और गोचर भूमि को बचाने का मुद्दा किसी एक व्यक्ति, जाति या धर्म का नहीं बल्कि पूरे मारवाड़ की पहचान और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा हुआ है। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में आगे आकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन को मजबूत करने की अपील की।
