PM Modi to Inaugurate Pachpadra Refinery: 15 साल के इंतजार के बाद 4 जुलाई को राष्ट्र को मिलेगी राजस्थान की मेगा रिफाइनरी
बालोतरा के पचपदरा में बनी देश की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड रिफाइनरी का 4 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन करेंगे।
राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा में स्थापित एचआरआरएल (HPCL Rajasthan Refinery Limited) की बहुप्रतीक्षित ग्रीनफील्ड रिफाइनरी आखिरकार राष्ट्र को समर्पित होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन करेंगे। करीब डेढ़ दशक के लंबे इंतजार, राजनीतिक उतार-चढ़ाव और तकनीकी चुनौतियों के बाद तैयार हुई यह रिफाइनरी राजस्थान के औद्योगिक और आर्थिक विकास में नया अध्याय जोड़ने जा रही है।
15 साल का लंबा सफर, अब होगा सपना साकार
साल 2012 में शुरू हुई इस परियोजना का सफर आसान नहीं रहा। इस दौरान दो बार शिलान्यास हुआ, उद्घाटन की तारीखें बदलीं और भूमि अधिग्रहण को लेकर राजनीतिक विवाद भी सामने आए। हाल ही में 21 अप्रैल को प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम भी रिफाइनरी की सीडीयू-वीडीयू यूनिट में आग लगने की घटना के कारण स्थगित करना पड़ा था। अब 4 जुलाई को प्रधानमंत्री मोदी इसका औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
देश की सबसे आधुनिक ग्रीनफील्ड रिफाइनरी
पचपदरा रिफाइनरी की क्षमता 9 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष (MMTPA) है। यह देश की पहली ऐसी अत्याधुनिक रिफाइनरी है, जिसे BS-6 मानक के अनुरूप विकसित किया गया है। इसका नेल्सन कॉम्प्लेक्सिटी इंडेक्स (NCI) लगभग 17 है, जो इसे भारत की सबसे उन्नत हाई-कन्वर्जन रिफाइनरियों में शामिल करता है।