रिटायरमेंट से एक दिन पहले शिक्षक बर्खास्त: 34 साल बाद खुली फर्जी दस्तावेजों की पोल
राजस्थान के बांसवाड़ा में एक सरकारी शिक्षक को रिटायरमेंट से एक दिन पहले बर्खास्त कर दिया गया।
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले से सरकारी भर्ती में फर्जी दस्तावेजों का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सरकारी शिक्षक को सेवानिवृत्ति से महज एक दिन पहले शिक्षा विभाग ने बर्खास्त कर दिया। जांच में खुलासा हुआ कि शिक्षक ने करीब 34 साल पहले फर्जी मार्कशीट और प्रमाण-पत्रों के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल की थी।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीनारायण की नियुक्ति वर्ष 1992 में बांसवाड़ा जिले के बागीदौरा ब्लॉक में हुई थी। वह 30 जून को सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन उससे एक दिन पहले यानी 29 जून को विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया।
शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
राजस्थान संपर्क पोर्टल पर शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद जिला परिषद ने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर और संबंधित विभागों से दस्तावेजों का सत्यापन कराया। जांच के दौरान सामने आया कि नियुक्ति के समय जमा की गई सेकेंडरी, हायर सेकेंडरी और एसटीसी परीक्षा से संबंधित मार्कशीट और प्रमाण-पत्र संदिग्ध थे।