विनेश फोगाट के घर किलकारी, जुलाना में थालियों से हुआ बेबी का स्वागत
अंतरराष्ट्रीय पहलवान और जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने दिल्ली के अपोलो अस्पताल में बेटे को जन्म दिया, जिसके बाद उनके ससुराल बख्ताखेड़ा में जश्न का माहौल छा गया। मां और बेटा दोनों स्वस्थ हैं।
अंतरराष्ट्रीय पहलवान और जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट के घर मंगलवार सुबह खुशियों ने दस्तक दी। उन्होंने दिल्ली के अपोलो अस्पताल में एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। इस खबर के साथ ही उनके ससुराल बख्ताखेड़ा और आसपास के गांवों में उत्सव का माहौल छा गया। लोगों ने थालियां बजाकर और ढोल पर नाचकर इस खुशी को सेलिब्रेट किया।
विनेश के ससुर राजपाल राठी ने बताया कि डॉक्टरों ने पहले ही डिलीवरी की तारीख तय कर दी थी। सोमवार शाम को विनेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, और मंगलवार को ऑपरेशन के जरिए बेटे का जन्म हुआ। उन्होंने कहा, "मां और बेटा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं, और हम सभी बहुत खुश हैं।"