युवक का नग्न शव मिलने से सनसनी, हत्या की जांच शुरू
एक होटल के पास युवक का नग्न शव चोटों के निशान के साथ मिला, पुलिस हत्या के मामले की जांच कर रही है। शिनाख्त और आसपास की जगहों की जांच जारी है।
सिंघाना-नारनौल सड़क मार्ग पर पचेरी खुर्द गांव के एक होटल के पास रविवार सुबह करीब 5:30 बजे एक युवक का नग्न अवस्था में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के पूरे शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिसके चलते पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।
थानाधिकारी राजपाल यादव ने बताया कि सुबह 5:45 बजे एक राहगीर ने सूचना दी कि सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया। मृतक की उम्र करीब 22 वर्ष प्रतीत होती है। शव के पास एक शर्ट, लॉवर और चप्पल की जोड़ी मिली। मृतक के दाहिने हाथ की कलाई पर अंग्रेजी में "केके" लिखा हुआ है। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
घटना की सूचना पर मोबाइल टीम, एसएफएल टीम और डॉग स्कवॉड मौके पर पहुंचे। डॉग स्कवॉड ने घटनास्थल की जांच के दौरान पास के धर्मकांटे और उसके पीछे बने ईंट-भट्टे की ओर इशारा किया। पुलिस की शक की सुई अब इन्हीं दोनों स्थानों पर घूम रही है। दोनों जगहों की बारीकी से जांच की जा रही है।