"11 साल से रेप केस में सजा काट रहे आसाराम की.. अब सेहत बनी सबसे बड़ी सजा!"
रेप केस में सजा काट रहे आसाराम की हालत अब जेल में बिगड़ती जा रही है। कभी करोड़ों अनुयायियों के “गुरु” रहे आसाराम आज गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं — दिल की धमनियों में रुकावट, सांस की तकलीफ, कैंसर और नसों का असहनीय दर्द अब उनकी सबसे बड़ी सजा बन गए हैं। अदालतें भी कई बार इलाज के लिए उन्हें राहत दे चुकी हैं, लेकिन उनकी सेहत में सुधार नहीं हो रहा।
जोधपुर राजस्थान:आसाराम जिन्हें 2013 में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, अब तक लगभग 11 वर्षों से जोधपुर की सेंट्रल जेल में बंद हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद से ही वे लगातार कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। उम्र बढ़ने के साथ उनकी सेहत लगातार बिगड़ती गई है और जेल प्रशासन को कई बार उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है।
मिली जानकारी के अनुसार, आसाराम को हृदय संबंधी गंभीर बीमारी है। बताया जाता है कि उन्हें कई बार दिल का दौरा पड़ चुका है और उनके हृदय की दो मुख्य धमनियों में रुकावट पाई गई है। इसके अलावा, उन्हें लंबे समय से हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत है, जो उनकी अन्य बीमारियों के साथ स्थिति को और जटिल बना देती है।
आसाराम को सांस लेने में तकलीफ रहती है और कई मौकों पर उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर भी रखा गया। उम्र और स्वास्थ्य की स्थिति को देखते हुए यह समस्या बार-बार बढ़ती जाती है। इसके साथ ही उन्हें हाइपोथायरायडिज्म नामक अंतःस्रावी ग्रंथि से जुड़ी बीमारी है, जो शरीर के हार्मोन संतुलन को प्रभावित करती है।उनकी मेडिकल रिपोर्टों में एनीमिया यानी खून की कमी और गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल सिस्टम से जुड़ी समस्याओं का भी उल्लेख किया गया है। पाचन संबंधी दिक्कतों के कारण उन्हें अक्सर पेट दर्द और गैस की समस्या रहती है।