बाड़मेर में शोरूम में भीषण आग: 3 घंटे देरी से पहुंची फायर ब्रिगेड, 10 बच्चों को सुरक्षित निकाला
बाड़मेर के सेड़वा में रेडीमेड शोरूम में आग लगने से चार दुकानों को नुकसान हुआ। फायर ब्रिगेड 3 घंटे देरी से पहुंची, जबकि स्थानीय लोगों और बीएसएफ ने मिलकर आग बुझाई और बच्चों को सुरक्षित निकाला।
राजस्थान के Barmer जिले में बुधवार रात एक रेडीमेड शोरूम में लगी आग ने बड़ा रूप ले लिया। सेड़वा उपखंड के जंभेश्वर मंदिर के पास रात करीब 9 बजे अचानक आग लग गई, जो देखते ही देखते आसपास की दुकानों तक फैल गई।
जानकारी के अनुसार, दो मंजिला कॉम्प्लेक्स में स्थित श्रीराम फैशन रेडिमेड शोरूम में आग लगी, जिसके बाद धुआं और लपटें तेजी से फैलने लगीं। आग ने पास की चार से ज्यादा दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ।
घटना के समय शोरूम के पास ही एक लाइब्रेरी में 10 से ज्यादा बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्चों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।