CRPF की नौकरी छोड़ चुके भतीजे ने चाचा के सीने में दागी गोली, जानिए कौनसे विवाद में सगे रिश्ते का कत्ल..
भरतपुर के उच्चैन में जमीन विवाद और नशे की लत के चलते एक पूर्व CRPF जवान ने अपने सगे चाचा की सीने में गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी अपना मोबाइल और देसी कट्टा फेंककर फरार हो गया।
जमीन विवाद और नशे ने बनाया कातिल
भरतपुर जिले के उच्चैन थाना इलाके से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां के चकसेना गांव में बुधवार सुबह करीब 9 बजे एक पूर्व CRPF जवान ने जमीन के मामूली विवाद को लेकर अपने ही 70 वर्षीय सगे चाचा की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के वक्त आरोपी अत्यधिक नशे की हालत में था।
जानकारी के अनुसार, मृतक साहब सिंह (70) और उनके भतीजे अनिल उर्फ अन्नू (38) के बीच पिछले कुछ समय से जमीन को लेकर मनमुटाव चल रहा था। बुधवार सुबह इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अनिल ने तैश में आकर अपने पास रखा अवैध देसी कट्टा निकाला और सीधे चाचा के सीने पर फायर झोंक दिया।
गोली की आवाज से दहल उठा गांव, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
सुबह-सुबह गांव में गोली चलने की आवाज से हड़कंप मच गया। कट्टे की आवाज सुनकर जब तक साहब सिंह के पड़ोसी और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी अनिल हाथ में हथियार लहराता हुआ वहां से भाग निकला।