भरतपुर में नाबालिग की पिटाई: पुलिस चौकी के सामने लहूलुहान हालत में फेंका गया 17 साल का लड़का
भरतपुर की रेलवे कॉलोनी चौकी के पास 17 वर्षीय राहुल को अवैध शराब बिक्री का विरोध करने पर दो युवकों, तेजवीर और पंडित ने जबरन शराब पिलाकर बुरी तरह पीटा। उसे लहूलुहान हालत में चौकी के सामने फेंक दिया गया। गुस्साए परिजनों और मोहल्ले वालों ने चौकी पर हंगामा किया। राहुल का इलाज आरबीएम अस्पताल में चल रहा है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी ।
भरतपुर की रेलवे कॉलोनी चौकी के पास रविवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। अवैध शराब की बिक्री का विरोध करने वाले 17 वर्षीय राहुल को दो युवकों ने न केवल बुरी तरह पीटा, बल्कि उसे जबरन शराब पिलाकर पुलिस चौकी के सामने पटक दिया। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और मोहल्ले वालों ने चौकी पर जमकर हंगामा किया।
पूरा मामला...
राहुल के पिता भोले, जो तूफानी मोहल्ले के निवासी हैं, ने बताया कि उनका बेटा राहुल रविवार रात को अवैध शराब की बिक्री का विरोध कर रहा था। इस बात से नाराज तूफानी मोहल्ले के तेजवीर और उसके साथी पंडित ने राहुल को चौकी के पास मिलने के लिए बुलाया। दोनों ने पहले राहुल को जबरन शराब पिलाई, फिर उसे पुल के नीचे ले जाकर बेरहमी से पीटा। जब राहुल लहूलुहान हो गया, तो उसे चौकी के बाहर फेंक कर दोनों फरार हो गए।
मोहल्ले वालों ने दी सूचना, अस्पताल में भर्ती
राहुल को घायल हालत में देखकर मोहल्ले वालों ने तुरंत उसके परिजनों को सूचित किया। परिजन उसे लेकर आरबीएम अस्पताल पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना से आक्रोशित परिजनों और मोहल्ले के लोग रात करीब 10 बजे रेलवे कॉलोनी चौकी पर इकट्ठा हो गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।