लव मैरिज से खफा परिजनों ने बेटी को उठाया, भागते वक्त बेकाबू कार ने 6 को रौंदा
राजस्थान के मेलवास गांव की 21 वर्षीय पूजा को लव मैरिज करने पर उसके ही परिवार वालों ने बेंगलुरु से किडनैप कर लिया। भागते समय अपहरणकर्ताओं की कार का एक्सीडेंट हुआ, जिसमें 6 राहगीर घायल हो गए।
प्यार की खातिर घर-परिवार छोड़कर 2000 किलोमीटर दूर नई जिंदगी शुरू करने वाली एक युवती के साथ वारदात सामने आई है। राजस्थान की रहने वाली 21 वर्षीय पूजा को उसके ही परिजनों की शह पर बेंगलुरु से अगवा कर लिया गया। लेकिन, अपहरणकर्ताओं के मंसूबों पर तब पानी फिर गया जब किडनैपिंग के बाद भागते समय उनकी तेज रफ्तार कार एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस भयानक टक्कर में सड़क पर चल रहे 6 बेगुनाह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
परिवार की मर्जी के खिलाफ की थी शादी
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के मेलवास गांव की रहने वाली 21 वर्षीय पूजा (पिता- गुणारामू) ने करीब 8-9 महीने पहले ओम प्रकाश (23) नाम के युवक से प्रेम विवाह किया था। परिवार वाले इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे। अपनी जान और रिश्ते को सुरक्षित रखने के लिए यह नवविवाहित जोड़ा राजस्थान छोड़कर बेंगलुरु चला गया और वहां के अग्रहारा दासराहल्ली इलाके में नई जिंदगी बिताने लगा। लेकिन, लड़की के परिवार वालों की नाराजगी कम नहीं हुई और उन्होंने बेटी को वापस लाने के लिए एक खतरनाक साजिश रच डाली।