'मेरे भाई को कैसे ठुकराया...' शादी का प्रपोजल रिजेक्ट करने पर 22 साल की लॉ स्टूडेंट की दिनदहाड़े हत्या!
बेंगलुरु के एचएएल रोड इलाके में शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर 22 वर्षीय लॉ छात्रा अमृता की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई। प्रेमी के तलाकशुदा होने का सच पता चलने पर छात्रा ने रिश्ता तोड़ लिया था, जिससे नाराज होकर प्रेमी के भाई ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक 22 वर्षीय लॉ स्टूडेंट की दिनदहाड़े चाकू गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान अमृता के रूप में हुई है। यह पूरी खौफनाक घटना 13 जुलाई की शाम की है, जिसका CCTV फुटेज अब सोशल मीडिया पर सामने आया है। अस्पताल में 48 घंटे से अधिक समय तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद 15 जुलाई को अमृता ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
धार्मिक कार्यक्रमों से शुरू हुई थी जान-पहचान
जानकारी के अनुसार, अमृता और आरोपी धनुष व उसका छोटा भाई सूर्य एक ही इलाके में रहते थे। दोनों परिवारों का अक्सर धार्मिक आयोजनों में मिलना-जुलना होता था, जिसके चलते वे एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे। इसी दौरान अमृता और धनुष के बीच दोस्ती हो गई, जो धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में बदल गई। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन जल्द ही इस रिश्ते में एक कड़वा सच सामने आ गया।