बीमार परिजन के इलाज के लिए लाए थे 11,500 रुपये, नशेड़ी ने जेब काटकर उड़ाए पैसे
बाड़मेर के चौटन चौराहे के पास एक युवक से इलाज के लिए लाए गए 11,500 रुपये चोरी हो गए। पीड़ित गुजरात से अपने बीमार परिजन का इलाज कराने आया था।
बाड़मेर। शहर में बढ़ते नशे के कारोबार और उसकी गिरफ्त में फंसती युवा पीढ़ी की एक दर्दनाक तस्वीर चौटन चौराहे के पास सामने आई है। यहां एक युवक अपने बीमार परिजन के इलाज के लिए गुजरात से बाड़मेर पहुंचा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मेहनत और उम्मीदों पर पानी फिर गया।
जानकारी के अनुसार युवक के सेठ ने मानवीय आधार पर मदद करते हुए उसे 11,500 रुपये दिए थे, ताकि वह अस्पताल में भर्ती अपने परिजन का इलाज करवा सके। युवक सुबह करीब चार बजे बाड़मेर पहुंचा। अस्पताल जाने से पहले उसने कुछ देर आराम करने का सोचा और चौटन चौराहे के पास सड़क किनारे सो गया।
इसी दौरान एक युवक उसकी जेब से 11,500 रुपये निकालकर फरार हो गया। जब पीड़ित की आंख खुली और उसे पैसे चोरी होने का पता चला तो उसने आरोपी का पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा।