एक ही ऑफिस में महिला अकाउंटेंट की मौत के बाद अधिकारी ने दी जान, दो मौतों के पीछे क्या है पूरा सच?
दौसा में जूनियर अकाउंटेंट शीतल मीणा की जहर से मौत के बाद हत्या के आरोपों का सामना कर रहे असिस्टेंट ट्रेजरी ऑफिसर मनोज मीणा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
राजस्थान के दौसा जिले में जूनियर अकाउंटेंट शीतल मीणा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया है। शीतल की मौत के मामले में नामजद किए गए असिस्टेंट ट्रेजरी ऑफिसर (उपकोषाधिकारी) मनोज मीणा ने गुरुवार रात अपने घर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय जूनियर अकाउंटेंट शीतल मीणा की 10 जून को कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन करने से मौत हो गई थी। इस मामले में शीतल के भाई मोहनलाल मीणा ने 11 जून को मानपुर थाने में सहायक उपकोषाधिकारी मनोज मीणा के खिलाफ प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करवाई थी।
एफआईआर दर्ज होने के कुछ ही घंटों बाद मनोज मीणा ने महवा थाना क्षेत्र के सिंदूकी गांव स्थित अपने घर में आत्महत्या कर ली। घटना के समय वह घर पर अकेले थे, जबकि उनकी पत्नी पीहर गई हुई थीं।