पत्नी के पीहर जाने से परेशान व्यक्ति ने आम के पेड़ से लटककर दी जान, गांव में सनसनी
उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र में 50 वर्षीय व्यक्ति का शव आम के पेड़ से लटका मिला।
उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र के झालों का कलवाना गांव में रविवार सुबह एक व्यक्ति का शव आम के पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय रोड़ाराम गमेती पुत्र गजिंग गमेती के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह लंबे समय से पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव से परेशान था।
घटना की जानकारी उस समय सामने आई जब सुबह ग्रामीण मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। लोगों ने खाकल देव भेरूजी मंदिर के पास खेत में लगे आम के पेड़ पर शव लटका देखा और तुरंत परिजनों व पुलिस को सूचना दी।
मंदिर के पास पेड़ से लटका मिला शव
सूचना मिलते ही सायरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाकर सायरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। बताया गया कि रोड़ाराम ने अपने लोअर से फंदा बनाकर आत्महत्या की।