नागौर में 100 करोड़ की MD ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़: भगोड़े फौजी के बाद सीनियर बैंक मैनेजर गिरफ्तार, अब तक 6 आरोपी सलाखों के पीछे
राजस्थान के नागौर में 100 करोड़ रुपये की अवैध MD ड्रग फैक्ट्री मामले में पुलिस ने सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के सीनियर मैनेजर राजीव कुमार भाटी को गिरफ्तार किया है। भगोड़े फौजी महावीर की निशानदेही पर 5 किलो एमडी बरामद की गई है। पुलिस मामले में अब तक 6 आरोपियों को पकड़कर पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।
राजस्थान के नागौर जिले में नशे के अवैध सिंडिकेट के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर में चल रही 100 करोड़ रुपये की कथित एमडी (MD) ड्रग फैक्ट्री के मामले में पुलिस ने नागौर सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के सीनियर मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे मामले में मुख्य आरोपी (नौसेना के भगोड़े फौजी) सहित अब तक कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
ससुर की जान-पहचान पर दिया था मकान
नागौर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) आसाराम चौधरी के अनुसार, मुख्य आरोपी महावीर ने जोधपुर रोड पर ड्रग फैक्ट्री संचालित करने के लिए मकान किराए पर लिया था। यह मकान सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के सीनियर मैनेजर राजीव कुमार भाटी का है। महावीर के ससुर और बैंक मैनेजर की पुरानी जान-पहचान थी, जिसके चलते बिना किसी औपचारिक लिखा-पढ़ी के मकान किराए पर दे दिया गया। पुलिस का कहना है कि राजीव भाटी को मकान में अवैध एमडी फैक्ट्री चलने की पूरी जानकारी थी।