रियाद से दिल्ली आ रही फ्लाइट जयपुर में डायवर्ट, पायलट ने छोड़ा विमान: पैसेंजर 3 घंटे फंसे, सड़क मार्ग से भेजे गए
एअर इंडिया की फ्लाइट खराब मौसम के कारण डायवर्ट हुई, पायलट ने ड्यूटी टाइम का हवाला देकर उड़ान से इनकार किया, जिससे यात्री तीन घंटे तक फंसे रहे और सड़क मार्ग से भेजे गए। यात्रियों ने स्टाफ के खराब व्यवहार और प्रबंधन की आलोचना की, कई की कनेक्टिंग फ्लाइट्स छूटीं।
रियाद से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-926 को रविवार देर रात दिल्ली में खराब मौसम के कारण जयपुर डायवर्ट किया गया। इसके बाद पायलट ने ड्यूटी टाइम पूरा होने का हवाला देकर विमान उड़ाने से इनकार कर दिया, जिससे यात्री करीब तीन घंटे तक विमान में फंसे रहे। अंततः यात्रियों को सड़क मार्ग से दिल्ली भेजा गया। इस घटना से यात्रियों में भारी नाराजगी देखी गई, और उन्होंने एअर इंडिया के स्टाफ के व्यवहार को असहयोगी और खराब बताया। कई यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट्स भी छूट गईं।
दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग परमिशन न मिलने के कारण फ्लाइट AI-926 को रात 12:55 बजे जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर डायवर्ट किया गया। यात्रियों को अराइवल एरिया में लाया गया, लेकिन कुछ देर बाद पायलट ने ड्यूटी टाइम पूरा होने का हवाला देकर उड़ान छोड़ दी। इसके बाद यात्रियों को सोमवार तड़के चार-पांच बजे बसों के जरिए दिल्ली भेजा गया।
यात्रियों ने बताया कि उन्हें पूरी रात खाने के लिए कुछ नहीं दिया गया। बस से दिल्ली भेजे जाने की सूचना पर यात्री भड़क गए और हंगामा करने लगे। बमुश्किल उन्हें समझा-बुझाकर बसों में रवाना किया गया।