सीकर: एक डांट ने ले ली दो जिंदगियां!
राजस्थान के सीकर जिले के प्रियंका हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सुरेश सैनी ने अपने बड़े भाई की डांट का बदला लेने के लिए छह महीने की गर्भवती पड़ोसी प्रियंका कंवर पर चाकू से हमला किया था। इलाज के दौरान प्रियंका और गर्भ में पल रही छह महीने की बच्ची, दोनों की मौत हो गई। आरोपी ने वारदात से पहले चाकू का इंतजाम किया, मोबाइल बंद कर दिया और मौका देखकर घर में घुसकर हमला किया। फिलहाल आरोपी पांच दिन की पुलिस रिमांड पर है, जबकि परिजन न्याय और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं।
सीकर: राजस्थान के सीकर जिले के धोद क्षेत्र से सामने आए प्रियंका हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने बड़े भाई की डांट का बदला लेने के लिए छह महीने की गर्भवती पड़ोसी महिला पर जानलेवा हमला करने की साजिश रची थी। इलाज के दौरान महिला और उसके गर्भ में पल रही छह महीने की बच्ची, दोनों की मौत हो गई।
यह घटना 28 जुलाई को धोद थाना क्षेत्र के सरवड़ी गांव में हुई थी। उस दिन प्रियंका कंवर अपने तीन साल के बेटे के साथ घर पर थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला सुरेश सैनी घर में घुसा और धारदार चाकू से उन पर हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने सबसे पहले प्रियंका के गले पर वार किया और फिर हाथ-पैरों पर भी कई हमले किए। पूरी वारदात करीब नौ मिनट में हुई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल प्रियंका को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल रेफर किया गया। तीन दिन तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। इससे दो दिन पहले अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनके गर्भ में पल रही छह महीने की अजन्मी बच्ची ने भी दम तोड़ दिया।