‘मैं चाहती तो उसे ओपनिंग करा देती’... ऋचा घोष की तूफानी पारी पर हरमनप्रीत का बड़ा बयान
पाकिस्तान पर भारत की शानदार जीत के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने ऋचा घोष की जमकर तारीफ की। हरमन ने कहा कि अगर उनका बस चले तो वह ऋचा को ओपनिंग बल्लेबाजी के लिए भेज दें।
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय महिला टीम ने अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत करते हुए पाकिस्तान को 68 रन से हराया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने दो महत्वपूर्ण अंक हासिल किए, लेकिन नेट रन रेट के मामले में वह अब भी ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरे स्थान पर बनी हुई है।
ग्रुप चरण से केवल दो टीमें ही सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, ऐसे में हर मुकाबले के साथ नेट रन रेट भी बेहद अहम हो गया है। पाकिस्तान के खिलाफ भारत की बड़ी जीत में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने मुश्किल समय में मैदान पर उतरकर महज 17 गेंदों में 34 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 1 छक्का शामिल रहा।
ऋचा की तूफानी पारी ने बदला मैच का रुख
छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरी ऋचा घोष ने अंतिम ओवरों में तेजी से रन बटोरकर भारत के स्कोर को 170 रन तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत पाकिस्तान के सामने 171 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा हुआ, जिसका पीछा करते हुए पाकिस्तानी टीम 106 रन पर ही सिमट गई।