ममता के पड़ोसी बनेंगे सुवेंदु अधिकारी? दीदी के घर से सिर्फ 2 किलोमीटर दूर नए ठिकाने की तैयारी से सियासी सस्पेंस
कोलकाता के वीवीआईपी इलाके में एक ऐसे कॉम्प्लेक्स को लेकर हलचल तेज है, जिसे लेकर अचानक बड़े बदलाव की चर्चा शुरू हो गई है।
पश्चिम बंगाल में प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल के बीच कोलकाता स्थित सौजन्य कॉम्प्लेक्स एक बार फिर सुर्खियों में है। लोक निर्माण विभाग (PWD) इस बात पर सक्रिय रूप से विचार कर रहा है कि इस अत्याधुनिक कॉम्प्लेक्स को वीवीआईपी अस्थायी आवास के रूप में उपयोग में लाया जाए।
सूत्रों के अनुसार, यह प्रस्ताव इसलिए चर्चा में आया है क्योंकि राज्य में उच्च सुरक्षा वाले और सुव्यवस्थित आवास विकल्पों की जरूरत बढ़ रही है। इसी क्रम में यह भी चर्चा है कि विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी के लिए कोलकाता में बेहतर सुरक्षा और सुविधा वाले आवास की व्यवस्था के तहत उन्हें चिनार पार्क स्थित फ्लैट से अलीपुर स्थित सौजन्य कॉम्प्लेक्स में शिफ्ट करने पर विचार किया जा सकता है। हालांकि अभी तक इस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है और इसे केवल प्रस्ताव स्तर पर ही देखा जा रहा है।
सुरक्षा का लिया गया जायजा
रविवार को संयुक्त पुलिस आयुक्त रुपेश कुमार के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की टीम ने सौजन्य कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, एंट्री-एग्जिट पॉइंट और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का विस्तृत आकलन किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा को लेकर कई तकनीकी पहलुओं पर भी रिपोर्ट तैयार की है।